Patna: खगड़िया जिले क नगर थाना क्षेत्र में कन्हैया खेतान को गोली मारकर घायल करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. जमीन विवाद में छह लाख रुपये की सुपारी देकर गोलीबारी की साजिश रची गई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शूटर, दो लाइनर और एक महिला समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के रौन निवासी कमलेश कुमार और गढ़बन्नी निवासी मंदीप कुमार, सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कठडूमर निवासी राजकिशोर यादव और दिलखुश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है, इनके साथ एक महिला की गिरफ्तारी हुई है. इनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक और तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, सुपारी की रकम में से एक लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था. मामले में दो अन्य लोगों की गिरफ्तारी बाकी है.

जमीन विवाद में रची गई थी गोलीबारी की साजिश

पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को नगर थाना क्षेत्र में सज्जन खेतान के पुत्र कन्हैया खेतान को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था. इस संबंध में नगर थाना (कांड संख्या 190/26) में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए खगड़िया एसपी ने एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया था. टीम ने मानवीय सूचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में सामने आया कि पीड़ित पक्ष और दूसरे पक्ष के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में दूसरे पक्ष ने दो शूटरों को हत्या की सुपारी दी थी. साजिश में दो लाइनर भी शामिल थे, जिन्होंने घटना से पहले रेकी की थी. गोलीबारी को अंजाम देने के लिए छह लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें एक लाख रुपये का भुगतान किया गया था. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में दो शूटर और दो रेकी करने वाले लाइनर शामिल हैं. आरोपितों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed