Ranchi: रांची एसीबी ने जमीन की म्यूटेशन के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में बुड्ढू अंचल कार्यालय से एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. सत्यापन में राजस्व कर्मचारी राजेश किशोर रवि और बुढ़मु अंचल के अंचल अधिकारी सचिदानंद कुमार वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है. रिश्वत के साथ पकड़े गए आरोपी गौतम किशोर रवि राजस्व कर्मचारी का भाई है. जिसे एसीबी ने 10,000 रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.

मिली जानकारी के अनुसार परिवादी सुबोध कुमार ने रांची एसीबी को लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी. शिकायत में बताया कि उनकी खातियानी रैयती जमीन खाता सं0-100, प्लॉट नं0-1359, रकबा 03 एकड़ 20 डिसमिल ग्राम साइरन में है. इसे उन्होंने अपनी पत्नी पिंकी देवी और साली जया कुमारी के नाम रजिस्ट्री कराया था. इसके म्यूटेशन के लिए उन्होंने बुढ़मू अंचल में आवेदन दिया था.

कैसे मांगी गई रिश्वत

आरोप है कि जब परिवादी अंचलाधिकारी से मिले तो उन्होंने कहा कि भू-राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार से मिलिए, आपका काम हो जाएगा. राजेश कुमार ने कहा कि म्यूटेशन के लिए 80-90 हजार रुपये देने पड़ेंगे. “कुछ कम दे दीजिएगा, काम हो जाएगा”. जब परिवादी ने फिर अंचलाधिकारी से बात की तो उन्होंने भी राजेश कुमार से मिलने को कहा. इसके बाद राजेश ने अपने भाई गौतम कुमार से बात करने को कहा. गौतम ने कहा कि “पहले 10 हजार रुपये दीजिए, केस डाल देते हैं. पूरा पैसा देने के बाद म्यूटेशन होगा. “परिवादी रिश्वत नहीं देना चाहता था. इसलिए उसने एसीबी में शिकायत की. शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए गए. एसीबी थाना (कांड सं0-13/26) में मामला दर्ज किया गया. ट्रैप के दौरान गौतम किशोर रवि को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. सत्यापन में राजस्व कर्मचारी राजेश किशोर रवि और बुढ़मू अंचलाधिरी सचिदानंद कुमार वर्मा के खिलाफ लगे आरोप भी सही पाते हुए गिरफ्तार किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed