Patna: सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र स्थित केथरिया गांव में शनिवार की सुबह तड़के लगभग 6:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने जिला परिषद् पति बैद्यनाथ महतो की ताबड़तोड़ गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया, जिसके बाद उग्र भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम और उनके सरकारी वाहनों पर पथराव कर दिया. इस पथराव में 3-4 सरकारी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुरानी रंजिश और जानलेवा हमले से जुड़ा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बैद्यनाथ महतो ने 29 अगस्त को त्रिभुवन कुमार, मो. एजाज अहमद, मो. अहसान अहमद और अन्य अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या की नीयत से गोली चलाने का मामला (कांड संख्या 432/26) दर्ज कराया था. उस मामले में एक आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस वारंट लेने की प्रक्रिया में थी. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि समय रहते सख्त कार्रवाई न होने के कारण अपराधियों का हौसला बढ़ा और उन्होंने घटना को अंजाम दे दिया.
थानाध्यक्ष सस्पेंड, इलाके में भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात
घटना से भड़के लोगों के गुस्से और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीतामढ़ी एसपी ने कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में संबंधित थानाध्यक्ष और कांड के जांचकर्ता (IO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की वैज्ञानिक टीम और डॉग स्क्वायड ने पहुंचकर अहम साक्ष्य जुटाए हैं. आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम, एसडीपीओ (सदर-1) और सीतामढ़ी एसपी स्वयं पहुंचे. वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
पुलिस की अपील
सीतामढ़ी पुलिस ने आम नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
