Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को पटना एम्स का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं, अधोसंरचना और भविष्य की योजनाओं का जायजा लिया और कई बड़े ऐलानों के साथ अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एम्स, पटना के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग देगी. एम्स के विस्तार के लिए 24 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने में राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी. अतिरिक्त भूमि मिलने के बाद पटना एम्स में लगभग 200 नए बेड उपलब्ध होंगे, जिससे रोगी सेवा क्षमता बढ़ेगी. मुख्यमंत्री ने डिपार्टमेंट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन में पेट-सिटी रूम, स्पेक्ट सिटी रूम, रेडियो फार्मेसी लैब का निरीक्षण किया. साथ ही डिविजन ऑफ ऑन्कोलॉजी, डिपार्टमेंट ऑफ एनॉटोमी और OPD का भी दौरा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
लेन सड़क और बर्न पेशेंट के लिए नई व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने एम्स, पटना से नाथूपुर तक 4-लेन सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए. इससे मरीजों, परिजनों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी. उन्होंने बर्न मरीजों के उपचार के लिए स्किन स्टोरेज यानी त्वचा भंडारण की व्यवस्था विकसित करने में भी राज्य सरकार का पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया. इससे गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को समयबद्ध और बेहतर इलाज मिल सकेगा. मुख्यमंत्री ने बर्न वार्ड जाकर मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. एम्स के विकास से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों में राज्य सरकार सक्रिय सहयोग करेगी.
तालाब बनेगा पर्यटन केंद्र
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने एम्स परिसर स्थित तालाब का भी अवलोकन किया. उन्होंने निर्देश दिया कि तालाब का जीर्णोद्धार कर इसे पर्यटन एवं आकर्षण का केंद्र बनाया जाए, ताकि यह पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों के लिए एक सुंदर स्थल बन सके. इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, विशेष सचिव अरविंद कुमार चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंधक निदेशक सुब्रत कुमार सेन और एम्स के निदेशक प्रो. ब्रिग. डॉ. राजू अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
