Ranchi: चतरा पुलिस ने प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को 3 दिन में गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से दो गोली और घटना में प्रयुक्त बाईक बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपी मोंटू कुमार कुंदा थाना क्षेत्र के डुमरवार का रहने वाला है.
मिली जानकारी के अनुसार 2 जुलाई की रात प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चरका में कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा सीमेंट दुकान के सामने दहशत फैलाने के नियत से हवाई फायरिंग की गई थी. इस संबंध में प्राप्त आवेदन पर प्रतापपुर थाना (कांड संख्या-61/26) में मामला दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के आदेशानुसार एसडीपीओ के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया. गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को आरोपी मोंटू कुमार को प्रतापपुर-मनातू सीमा बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो गोली बरामद की गई. अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है. गिरफ्तार मोंटू कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. इस पर कुंदा थाना (कांड सं0-24/24) में एक मामला दर्ज है.
