Patna: अरवल थाना हाजत में बंदी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग के एक कर्मी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित परशुराम प्रसाद यादव सारण जिले के गौरा थाना क्षेत्र के जवनीयां गांव का रहन वाला है. पुलिस ने उसे मुजफ्फरपुर स्थित उत्पाद विभाग के ग्रुप सेंटर में छापेमारी कर पकड़ा. इस मामले में उत्पाद विभाग के अन्य कर्मियों की संलिप्तता की जांच और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार बंदी की हुई थी मौत

पुलिस के अनुसार, 13-14 जुलाई 2026 को उत्पाद विभाग की टीम ने शराब पीने के आरोप में अनिल सिंह उर्फ टुनटुन सिंह को गिरफ्तार किया था. वह स्वर्गीय प्रताप सिंह के पुत्र और अरवल जिले के रामपुर चौरम थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव के निवासी थे. गिरफ्तारी के बाद उन्हें अरवल थाना लाया गया था, जहां हाजत में उनकी मौत हो गई थी. घटना के बाद 14 जुलाई को अरवल थाना (कांड संख्या 286/26) में प्राथमिकी दर्ज किया गया. एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसमें संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया था. इसके बाद से ही कांड के अनुसंधानकर्ता और अरवल थाना पुलिस आरोपित उत्पाद विभाग के कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी. इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि कांड का आरोपित परशुराम प्रसाद यादव मुजफ्फरपुर स्थित उत्पाद विभाग के ग्रुप सेंटर में तैनात है. इसके बाद अनुसंधानकर्ता ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. इस घटना में संलिप्त उत्पाद विभाग के अन्य कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *