Ranchi: पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के कैंपस से लोहे के डीआई पाइप की डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के मुर्शीदाबाद थाना क्षेत्र के रतनपुर, वार्ड नं०-01 के रहने वाले  ताज मुहम्मद शेख, नगीनाबाद, वार्ड नं0- 08 के रहने वाले जहाँगीर आलम, रेल गेट के रहने वाले उत्पल शील, मानिक शील, नील कमल शील, सजल दास, भगवानगोला थाना क्षेत्र के नतन हबषपुर के रहने वाले सिराज शेख, रामचंद्र माटी के रहने वाले बोलेरो चालक तुजामेल शेख, लालगोला थाना क्षेत्र के फतेहपुर के रहने वाले नशीरूद्दीन और 24 नार्थ परगना जिले के साउथ पोर्ट थाना क्षेत्र के पत्ता खीदिरपुर 20 नं कोलडॉक रोड के रहने वाले संजीत महतो का नाम शामिल है. पुलिस ने डकैती में इस्तेमाल एक ट्रक (WB19K-2283) और एक बोलेरो (WB26AV-7837) के साथ लूटे गए 42 पीस लोहे के डीआई पाइप भी बरामद किए हैं. बरामद पाइपों की अनुमानित कीमत चार से पांच लाख रुपये बताई गई है. गिरोह का कार्यक्षेत्र पाकुड़ और पश्चिम बंगाल का इलाका रहा है. गिरोह के सदस्य क्षेत्र में घूम-घूमकर चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे.

जलापूर्ति योजना के कैंपस को बनाया निशाना

मामले की जानकारी देते हुए पाकुड़ एसपी ने बताया कि 26 नवंबर की रात पाकुड़िया थाना क्षेत्र के कंगला मोड़ के पास सलगापाड़ा स्थित ग्रामीण जलापूर्ति योजना के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर से 8-10 अज्ञात अपराधियों ने लोहे के डीआई पाइप की डकैती कर ली थी. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ महेशपुर के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया.

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की. पुलिस की कार्रवाई में घटना में शामिल सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ग्रामीण जलापूर्ति योजना के कैंपस से डीआई पाइप की डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक और बोलेरो भी बरामद कर ली.

तीन आरोपियों का आपराधिक इतिहास आया सामने

गिरफ्तार ताज मुहम्मद शेख के खिलाफ मुर्शिदाबाद और बीरभूम जिले में डकैती एवं अन्य आपराधिक मामलों के रिकॉर्ड मिले हैं. जहांगीर आलम के खिलाफ भी बीरभूम जिले के मो. बाजार थाना में डकैती से संबंधित मामला दर्ज है. वहीं, नील कमल शील के खिलाफ मुर्शिदाबाद और गंगारामपुर थाने में आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है. पुलिस ने इस मामले में वादी भोला कुमार राय के फर्द बयान पर पाकुड़िया थाना (कांड संख्या 81/26) में प्राथमिकी दर्ज किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *