Ranchi: संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट के मामलों में शामिल रहे तथा न्यायालय से जमानत पर जेल से बाहर आए आरोपियों पर हजारीबाग पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. एसपी अमन कुमार के निर्देश पर 24 और 25 नवंबर को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस की 44 टीमों ने 107 आरोपियों का भौतिक सत्यापन किया. इनमें 18 संदिग्धों को पूछताछ और सत्यापन के लिए थाने लाया गया, जिन्हें पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया.

179 पुलिस पदाधिकारी और कर्मी अभियान में शामिल

एसपी के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों की उपस्थिति में कुल 44 टीमों का गठन किया गया था. इन टीमों में 179 पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया. सभी टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जाकर जमानत पर बाहर आए आरोपियों की गतिविधियों और वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन किया.

107 आरोपियों की गतिविधियों की हुई जांच

अभियान के दौरान संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों के कुल 107 आरोपियों का सत्यापन किया गया. पुलिस ने उनकी वर्तमान गतिविधियों और आपराधिक गतिविधियों में संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटाई. इस दौरान 18 संदिग्ध आरोपियों को संबंधित थानों में लाया गया और आवश्यक पूछताछ के बाद पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया.

आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान

हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में शामिल रहे आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी. भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान चलाकर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

आम लोगों से पुलिस ने मांगा सहयोग

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि उनके इलाके में यदि कोई व्यक्ति आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है या ऐसी कोई सूचना मिलती है, तो इसकी जानकारी तत्काल नजदीकी थाना को दें. पुलिस सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *