Patna: कटिहार में पुलिस हिरासत में युवक की मौत के बाद बवाल हो गया. आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा करते हुए थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी. पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया. इस दौरान एक सिपाही की राइफल छीन लिया गया. पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई थी, उसने पहचान के दौरान राकेश को नहीं पहचाना था. इसके बावजूद पुलिस ने उसे हिरासत में रखा. परिवार का कहना है कि थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई. पुलिस के अनुसार राकेश यादव ने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था. हालत बिगड़ने पर फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. गुस्साए लोगों ने फलका-कुर्सेला स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. पूरे मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है. वही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शिखर चौधरी ने फलका थाना के थानेदार रवि कुमार राय और जांच अधिकारी कुंदन पटेल को सस्पेंड कर दिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते रात कटिहार जिला के फलका थाना पुलिस द्वारा छापेमारी कर फलका थाना (कांड संख्या-36/26) में दर्ज मामले के आरोपी राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर थाना हाजत में रखा गया था. हाजत में रहने के दौरान आरोपी राकेश कुमार यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया. फलका थाना पुलिस आरोपी को तत्काल इलाज के लिए फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया. इसी क्रम में आरीप की मौत हो गई. मामले को लेकर सदर-2 एसडीपीओ द्वारा संज्ञान लेते हुए जांच की जा रही है. साथ ही, मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार एसपी ने तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष फलका एवं मामले के अनुसंधानकर्ता को निलंबित किया गया तथा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है.
वही घटना के संबंध में कुछ लोगों ने सड़क जाम किया. सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने एवं लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास कर रही थी. इसी क्रम में कुछ लोगों के द्वारा हथियार छीन लिया गया. पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए हथियार को सुरक्षित रूप से बरामद किया गया. आम लोगों से अपील की जाती है कि शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें. वर्तमान में स्थिति पूर्णतः सामान्य है.
