Ranchi: हजारीबाग जिले में अपराध नियंत्रण, कुख्यात आपराधिक गिरोहों के सफाए और आम जनता की सुरक्षा के मोर्चे पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को हजारीबाग एसपी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

कुख्यात गिरोहों से सीधी मुठभेड़ और गिरफ्तारियां

30 जुलाई को बड़कागांव थाना क्षेत्र में प्रिंस खान गैंग के हथियारबंद अपराधियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक खतरनाक अपराधी को असलहे के साथ गिरफ्तार किया. 24 जुलाई को केरेडारी थाना अंतर्गत राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस ने घेराबंदी कर हथियार समेत अपराधी को दबोचा.

8 अगस्त को बड़कागांव थाना क्षेत्र में ही राहुल दुबे व प्रिंस खान गैंग के गठजोड़ के खिलाफ चलाए गए एक अन्य ऑपरेशन में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान साहस दिखाते हुए अपराधी को हथियार सहित दबोचने में सफलता पाई.

रिटायर्ड शिक्षक पर गोलीबारी मामले का सफल खुलासा

पद्मा ओ०पी० क्षेत्र में 08 सितंबर को एक सेवानिवृत्त शिक्षक को अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था. हजारीबाग पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज मामले का सफल उद्भेदन किया और घटना में शामिल मुख्य अभियुक्त को हथियार समेत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा.

जनहित अभियान: 326 से अधिक गुम/चोरी मोबाइल बरामद

जनवरी से अगस्त माह के दौरान CEIR पोर्टल के माध्यम से हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आम नागरिकों के चोरी एवं गुम हुए 326 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किया.

नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता

एसपी के निर्देशन में बरही अनुमंडल के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर युवाओं एवं आमजनों के बीच नशीले पदार्थों के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed