Patna: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार ने विशेष शाखा में ‘सिपाही (सामान्य बैंड संवर्ग)’ के 83 पदों के लिए अंतिम चयन सूची और परीक्षाफल शुक्रवार को आधिकारिक रूप से प्रकाशित कर दिया है. अभ्यर्थी अपना अंतिम परिणाम पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट [https://csbc.bihar.gov.in](https://csbc.bihar.gov.in) पर जाकर देख सकते हैं.
विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 2,33,479 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 64,408 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए थे. लिखित परीक्षा के आधार पर 254 अभ्यर्थियों को शारीरिक जाँच एवं माप परीक्षा (PST) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था. इनमें से 250 अभ्यर्थी (156 पुरुष एवं 94 महिला) PST परीक्षा में सम्मिलित हुए.
मेधानुसार 83 अभ्यर्थियों का चयन
शारीरिक जाँच एवं माप परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर मेधानुसार सभी 83 पदों पर अंतिम चयन किया गया है. चयनित अभ्यर्थियों में 52 पुरुष तथा 31 बिहार मूल की महिलाएँ शामिल हैं. 02 अभ्यर्थी स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित श्रेणी से चयनित हुए हैं.
आरक्षण कोटिवार विवरण
चयनित उम्मीदवारों में गैर-आरक्षित वर्ग से 34, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से 08, पिछड़ा वर्ग से 10, अत्यंत पिछड़ा वर्ग से 15, अनुसूचित जाति से 13, अनुसूचित जनजाति से 01 तथा पिछड़े वर्गों की महिलाओं की कोटि से 02 अभ्यर्थी शामिल हैं.
योगदान और सत्यापन प्रक्रिया
सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्राधिकार के समक्ष 25 अक्टूबर 2026 से 20 नवंबर 2026 के बीच योगदान देना होगा. अभ्यर्थियों के पूर्व चरित्र का सत्यापन एवं चिकित्सीय जाँच संबंधित नियुक्ति प्राधिकारियों द्वारा की जाएगी. आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित पूरी जानकारी पर्षद द्वारा प्रकाशित आधिकारिक सूचना में दर्ज की गई है.
