Ranchi: जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और विधि-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. एसपी नाथू सिंह मीना की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में माह सितंबर के कार्यों की समीक्षा की गई. बैठक में कांडों के निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी, जन शिकायतों के निपटारे, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

सितंबर में 405 कांडों का निष्पादन

अपराध गोष्ठी में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2026 में कुल 405 कांडों का निष्पादन किया गया. इनमें हत्या से संबंधित 12, बलात्कार/पॉक्सो के 10, एससी/एसटी के सात, नक्सल के पांच, महिला अपराध से संबंधित 32, बलात्कार के 10, हत्या के 12, चोरी के 134, छिनतई के छह, लूट के दो और आर्म्स एक्ट के दो मामले शामिल हैं. इसके अलावा अपहरण, मारपीट, सड़क दुर्घटना समेत अन्य मामलों का भी निष्पादन किया गया.

पुलिस ने जिले में 243 गैर-जमानती वारंट (NBW) और 14 कुर्की वारंट का निष्पादन किया. पासपोर्ट से संबंधित 920 मामलों तथा चरित्र सत्यापन और ऑनलाइन चरित्र सत्यापन से जुड़े 16,327 मामलों का भी निपटारा किया गया.

132 आरोपी गिरफ्तार, 81 मामलों में सजा

न्यायालय द्वारा 12 कांडों में 18 अपराधकर्मियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई. इन मामलों में डकैती, मारपीट, सामान्य हत्या, महिला अत्याचार, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, मोटर दुर्घटना, जुआ अधिनियम, हत्या एवं गंभीर मारपीट जैसे अपराध शामिल हैं.

वहीं, बोकारो जिले में एक माह के दौरान विभिन्न कांडों में संलिप्त 81 अभियुक्तों और वारंटियों सहित कुल 132 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया.

1499 जन शिकायतों का निपटारा

एसपी कार्यालय और वरीय पदाधिकारियों के कार्यालयों में आम लोगों से प्राप्त 1499 शिकायतों का निष्पादन किया गया. इसके अतिरिक्त प्रत्येक सप्ताह गुरुवार को आयोजित थाना दिवस के माध्यम से 236 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 175 का निपटारा कर दिया गया. शेष 51 मामलों में कार्रवाई जारी है, जबकि चार मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई.

माह सितंबर में समयबद्ध तरीके से PG पोर्टल से संबंधित 31 मामलों का भी निष्पादन किया गया. वर्तमान में कोई मामला लंबित नहीं बताया गया है.

साइबर पुलिसिंग में 627 मोबाइल बरामद

जिले में साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सितंबर माह में 60 मोबाइल फोन बरामद किए गए. बरामद मोबाइलों का सत्यापन कर संबंधित थाना और ओपी के माध्यम से कुल 627 मोबाइल वास्तविक धारकों को सौंपे जाने की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है.

यातायात नियम तोड़ने वालों पर 49.12 लाख का जुर्माना

जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए भी कार्रवाई की गई. बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले नाबालिगों के विरुद्ध अभियान चलाने के साथ छह स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए.

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 3387 वाहनों से कुल 49 लाख 12 हजार 450 रुपये का चालान किया गया. चौक-चौराहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

अपराध नियंत्रण और डायल-112 के प्रचार पर जोर

बैठक में सभी पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए. डायल-112 का प्रचार-प्रसार करने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने, लंबित कांडों का तेजी से निष्पादन करने और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाने को कहा गया. अवैध शराब, जुआ, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया गया.

दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

दुर्गा पूजा-2026 के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए. इसके तहत 126 बीओपी/एनएसएसओ, बॉर्डर टाउन और विसर्जन मार्गों का भौतिक सत्यापन, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, दंगा नियंत्रण उपकरणों की व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया.

इसके अलावा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed