Ranchi: दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट–2026 का भव्य समापन गुरुवार को हुआ. समारोह के मुख्य अतिथि एडीजे-स-आईजी दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रांची जिला ने Overall Champion का खिताब अपने नाम किया. खूंटी जिला द्वितीय और गुमला जिला तृतीय स्थान पर रहा. विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को अतिथियों ने सम्मानित किया.

21 से 23 जुलाई तक चली प्रतियोगिता

यह स्पोर्ट्स मीट 21 से 23 जुलाई तक आयोजित की गई. इसके तहत एथलेटिक्स, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, कबड्डी, वुशु, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, योग, भारोत्तोलन, कराटे, जूडो, जिम्नास्टिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती एवं क्रिकेट सहित 19 खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया. समापन समारोह को संबोधित करते हुए आईजी ने कहा कि एक सशक्त एवं सक्षम पुलिस बल के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. खेल केवल शारीरिक क्षमता नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, धैर्य, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता एवं टीमवर्क की भावना का भी विकास करते हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से ऊर्जावान रखती हैं. साथ ही विभिन्न जिलों के पुलिस पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द को भी मजबूत करती हैं.

समारोह में रांची एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग, गुमला एसपी हरीश बीन जमा, लोहरदगा एसपी सिद्दीकी ए. रिज़वी, सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस. कोठारे सहित प्रक्षेत्र के सभी जिलों के डीएसपी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed