Patna: पटना के बिहटा में सोन नदी के पास बालू माफिया और पुलिस के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है. अपराधियों की फायरिंग में एक पुलिस अधिकारी के हाथ को छूती हुई गोली निकल गई, जबकि थानाध्यक्ष भी घायल हुए हैं. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 40 राउंड फायरिंग करने वाला कुख्यात अपराधी अनीश कुमार गोली लगने से पस्त हो गया, वहीं उसका साथी पियूष कुमार गिरफ्तार कर लिया गया है. मौके से कार्बाइन, रायफल और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.

सोन नदी के दियारा इलाके में नाविकों से अवैध वसूली और रंगदारी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. वरीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियारबंद गिरोह नावों के जरिए नदी में बालू ले जा रहे नाविकों से डरा-धमकाकर रंगदारी वसूल रहा है. सूचना के बाद एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम जब नाव के जरिए घेराबंदी करने पहुंची, तो अपराधियों ने पुलिस बल को देखते ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.

60 से ज्यादा राउंड गोलियों की गूंज, दरोगा के हाथ को छूती निकली गोली

मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से लगभग 40 राउंड गोलियां चलाई गईं. इस दौरान एक गोली पुलिस अधिकारी के हाथ को छूती हुई निकल गई, जबकि बिहटा थानाध्यक्ष भी मामूली रूप से जख्मी हो गए. अचानक हुए इस हमले के बाद पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की और 22 राउंड गोलियां दागीं. पुलिस की ओर से हुई सटीक फायरिंग में कुख्यात अपराधी अनीश कुमार गोली लगने से नाव पर ही ढेर होकर घायल हो गया. घायल अपराधी अनीश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वही सहयोगी पियूष कुमार को गिरफ्तार किया गया है. कई अन्य बदमाश पुलिस की गोलीबारी के बाद नदी में कूदकर भाग निकले. मौके पर से एक देशी कार्बाइन, एक रायफल, दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और लगभग 25 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है.

AK-47 से पुराना नाता, दर्ज हैं कई संगीन मामले

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घायल अपराधी अनीश कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. पिछले साल भी पुलिस ने उसके पास से एक AK-47 रायफल बरामद की थी. उस पर पहले से 6 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं. वहीं पकड़े गए पियूष कुमार का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है. पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया “अवैध खनन, रंगदारी और हथियारों के अवैध नेटवर्क के खिलाफ पटना पुलिस का अभियान जारी रहेगा. पुलिस टीम पर हमला करने वाले फरार अपराधियों की तलाश में नदी और आसपास के दियारा इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed