Ranchi: चौपारण थाना क्षेत्र के हथिया बाबा मंदिर के समीप पुलिस ने नशीले पदार्थ अफीम की खरीद-फरोख्त और हथियारबंद आपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की है. मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ है, जबकि 2 को गिरफ्तार किया गया है. घायल आरोपी की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई है वह बिहार के गया जिले, बाराचट्टी थाना क्षेत्र, चापी गांव का रहने वाला है. गिरफ्तार आरोपियों में चतरा के आकाश हर्षराज और बिहार के गया जिले, बाराचट्टी के सोनु कुमार का नाम शामिल है. घटनास्थल से पुलिस ने दो देशी पिस्टल, गोली और खोखा बरामद किए हैं. इसके अलावा अफीम भी जब्त की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कथित अफीम कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है.

पुलिस के अनुसार, हजारीबाग एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि हथिया बाबा मंदिर के आसपास कुछ संदिग्ध लोग हथियार के साथ मौजूद हैं और अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं. सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी शुरू की. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे. भागदौड़ के दौरान पुलिस ने 2 आरोपी को मौके पर पकड़ लिया. इसी बीच एक आरोपी जंगल की ओर भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की गोली लगने से भाग रहा आरोपी घायल हो गया. घायल आरोपी अजय सिंह को पहले बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed