Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले एक वर्ष में विक्रमशीला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित किया जाएगा. श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में मिडिया संस्थान खबर द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि जुलाई माह से प्रत्येक प्रखंड में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे. मुख्यमंत्री ने शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 मेधावियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. सम्मानित होने वालों में डोएल प्रभा, मयंक कुमार, अनन्या सिंह, एकांश श्रीसय, वेदिका, उन्नति राज, अदिशी गोयल, रिचा आनंद, सताक्षी सिंह, मेघना कुमारी और अनन्या सिंह शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि “बिहार ज्ञान की भूमि है. बख्तियार खिलजी ने जब नालंदा विश्वविद्यालय जलाया था तो 90 लाख पुस्तकों को जलने में 6 माह लगे थे. बिहार के गौरवशाली इतिहास को पुनर्स्थापित करना है.” उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने साइकिल-पोशाक योजना से बच्चों को स्कूल पहुंचाया, अब शिक्षा की गुणवत्ता सुधारेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा, “एक बेटी पढ़ती है तो पूरा परिवार पढ़ता है. बिहार की बेटियां और बेटे दोनों अच्छा कर रहे हैं. सभी निर्भीक होकर अध्ययन-अध्यापन करें, डरने की जरूरत नहीं है.”कार्यक्रम को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी संबोधित किया. इस मौके पर शिक्षाविद्, निदेशक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद थे.

मुख्यमंत्री के संबोधन के मुख्य बिंदु

विक्रमशीला की वापसी: “PM नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना की. अब हमलोग अगले एक वर्ष में विक्रमशीला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित करेंगे.”

मॉडल स्कूल का सपना: “जुलाई से हर प्रखंड में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल खोलेंगे. हमारा सपना तब पूरा होगा, जब कॉन्वेंट के बच्चे इस स्कूल में अपना नाम लिखाएंगे और पढ़ेंगे.”

बिहारी टैलेंट का डंका: “देश भर में टॉप से बॉटम तक बिहारी हैं. कोटा में पढ़ने वाले भी बिहारी, पढ़ाने वाले भी बिहारी. UPSC में बिहार के छात्र बेहतर प्रदर्शन करते हैं.”

शिक्षा पर फोकस: 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे. 73 हजार स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर करेंगे. स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से 4 लाख की सहायता. कानून-व्यवस्था पर सख्त: “कोई अपराधी पुलिस को चैलेंज करेगा तो उसे 48 घंटे के अंदर जवाब दिया जाएगा. लड़कियों की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ को लगाया है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *