Patna: बिहार में औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में बड़े निवेश प्रस्ताव लगातार राज्य की बदलती औद्योगिक तस्वीर को मजबूत कर रहे हैं. उद्योग अनुकूल नीतियों और निवेशकों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का परिणाम है कि देश के प्रमुख औद्योगिक समूह अब बिहार को अपने विस्तार के लिए एक मजबूत गंतव्य के रूप में देख रहे हैं. तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक वातावरण के बीच राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड (SIPB) की 67वीं बैठक में अंबुजा कॉन्क्रीट नॉर्थ प्रा लि की बड़ी सीमेंट परियोजना को मिली स्टेज 1 स्वीकृति राज्य के औद्योगिक भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है. यह निवेश न केवल औद्योगिक विकास को नई गति देगा, बल्कि रोजगार, आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी व्यापक रूप से मजबूत करेगा.

कंपनी द्वारा औद्योगिक क्षेत्र महवल, मुजफ्फरपुर में लगभग 1114.94 करोड़ के निवेश से 8219 MTPD क्षमता की सीमेंट इकाई स्थापित की जाएगी. यह परियोजना बिहार में सीमेंट एवं निर्माण क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के विस्तार में मील का पत्थर साबित हो सकती है. आधुनिक तकनीक आधारित यह इकाई उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता एवं पर्यावरणीय मानकों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आइडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक वातावरण अब बड़े निवेशकों को आकर्षित कर रहा है. अंबुजा की यह परियोजना राज्य में निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है, जिससे रोजगार, आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed