Ranchi: राजधानी रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड का शव बरामद किया गया है. शुक्रवार सुबह मामले की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फेल गई. घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है. मृतक की पहचान बिरसा मुंडा के रुप में की गई है. सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने मंदिर पहुंचे, तो परिसर में गार्ड का शव देखा देखा. इसकी सूचना जगन्नाथपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुट गई है. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले का पड़ताल किया. जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के बाद मंदिर की दान पेटी से नकदी भी निकाल ली. इससे घटना को लूट और हत्या दोनों एंगल से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस टीम मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. मौके पर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है.
