Ranchi: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और राज्य सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समारोह में करीब 9 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इनमें 5,941.86 करोड़ रुपये की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास तथा 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत से 820 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करने का संकल्प दोहराया.
26 साल का झारखंड, संघर्ष से विकास की ओर बढ़ने का संकल्प
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 साल का युवा झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव को पार करते हुए आज इस मुकाम तक पहुंचा है. अलग राज्य के आंदोलन में भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित अनेक महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को उन्होंने नमन किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाली पीढ़ी के कई मार्गदर्शक आज हमारे बीच नहीं हैं. ऐसे में 26वां स्थापना दिवस नई पीढ़ी और नौजवानों के लिए संकल्प लेने का अवसर है. यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है और अपने हक-अधिकार के लिए हर तरह का संघर्ष करने में सक्षम है.
50 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच रही आर्थिक सहायता
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम से कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है. एक ही परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं होने पर भी सभी को सम्मान राशि का लाभ दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता से महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं और स्वरोजगार के माध्यम से परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं. सरकार का प्रयास महिलाओं को राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना है.
छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को भोजन देगी सरकार
शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा की. उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. इससे विद्यार्थियों को भोजन की व्यवस्था की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई कर सकेंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, विद्यालयों के उन्नयन, छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है. उच्च शिक्षा में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने वाले विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटॉप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
2050 तक विकसित राज्यों की श्रेणी में होगा झारखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने खनिज संपदा के माध्यम से सदियों तक देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन राज्य के आदिवासी और मूलवासी विकास की दौड़ में पीछे रह गए. अब इस स्थिति को बदलने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है.
उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के पास अपार संभावनाएं हैं. राज्य में संसाधनों की कमी नहीं है. जरूरत दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की है.
जल, जंगल और जमीन आने वाली पीढ़ियों की धरोहर
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन, पहाड़, नदी और नाले केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि हमारे जीने का आधार हैं. इन्हें संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य दिया जा सके.
उन्होंने कहा कि सरकार जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार कर रही है. स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. स्थापना दिवस पखवाड़े में विभिन्न जिलों और पंचायतों से आई महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए, जिससे उन्हें बाजार और आर्थिक मजबूती का अवसर मिला.
पुलिसकर्मी, अधिकारी, खिलाड़ी और मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
समारोह में विशिष्ट सेवाओं, वीरता और उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया गया. पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक (वीरता) से अलंकृत किया गया. विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मियों के साथ खिलाड़ियों एवं कलाकारों को भी सम्मान मिला.
इसके अलावा मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया.
पुस्तिका का विमोचन और फिल्म ‘अरण्य’ की प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान जेल में रह रहे बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार से संबंधित ‘द झारखंड प्रिजन जर्नल-2025’ पुस्तिका का विमोचन किया गया. वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म ‘अरण्य’ का टीजर भी प्रस्तुत किया गया. मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनकी गतिविधियों की जानकारी ली.
समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.
