Patna: मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड स्थित कल्याणपुर में शनिवार को भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. यूथ क्लब कल्याणपुर की ओर से आयोजित इस दीपोत्सव में एक साथ 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाए गए. दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
दीपोत्सव को बताया अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित करने का यह भव्य और ऐतिहासिक आयोजन मुंगेर के कल्याणपुर की धरती पर हो रहा है. भगवान श्रीराम के अधर्म पर विजय प्राप्त कर अयोध्या लौटने की स्मृति में दीपावली मनाने की परंपरा शुरू हुई. यह पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है. उन्होंने सभी बिहारवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं.
मुंगेर-भागलपुर के बीच बनेगा 83 किमी लंबा मरीन ड्राइव
मुख्यमंत्री ने मुंगेर और भागलपुर के बीच लगभग 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के निर्माण की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इसके निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी. इस परियोजना से दोनों जिलों के बीच संपर्क और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
गंगा के पानी से खेतों की सिंचाई पर जोर
मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में आने वाले पानी और बाढ़ से किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान का उल्लेख करते हुए जल प्रबंधन को जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि गंगा नदी के जल का बेहतर उपयोग किसानों के हित में किया जाएगा. इसके लिए दो नवंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ महत्वपूर्ण समझौता किया गया है.
मुख्यमंत्री के अनुसार, गंगा नदी से गाद निकालने और जल प्रबंधन के जरिए उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जाएगा. विभिन्न स्थानों पर बांध और जल संरचनाएं बनाकर गंगा का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचाने की योजना है, ताकि सिंचाई की सुविधा बढ़े और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके.
2030 से पहले बिहार में ही रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 से पहले बिहार में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे किसी व्यक्ति को मजबूरी में मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े. बेहतर नौकरी, व्यवसाय और रोजगार के अवसर राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि सरकार ने एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है. इसके साथ ही अगले पांच वर्षों में एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है. बिहार में उद्योगों का विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
पूर्ववर्ती विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है. उन्होंने मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और मां दुर्गा से राज्य की निरंतर प्रगति तथा प्रत्येक परिवार की खुशहाली की कामना की.
मानव श्रृंखला बनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया. स्थानीय लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया. मुख्यमंत्री ने भव्य दीपोत्सव के आयोजन के लिए यूथ क्लब कल्याणपुर, प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे और स्थानीय लोगों को बधाई दी.
इस अवसर पर विधायक कुमार प्रणय, ललित नारायण मंडल और मनोज यादव, विधान पार्षद एनके यादव एवं लाल मोहन गुप्ता, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अरुण पोद्दार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
