Ranchi: राजधानी रांची में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पांच गिरफ्तार अपराधियों में धुर्वा थाना क्षेत्र के सौरभ कुमार विलेन, डैम साईड के रहने वाले ऋषभ कुमार, डोरंडा थाना क्षेत्र के आदित्य कुमार कुंदन, चुटिया थाना क्षेत्र के अमरावती कॉलोनी के रहने वाले मोहित पासवान औऱ रामगढ़ जिले के मरार निवासी गुड्डू मिश्रा का नाम शामिला है. इस दौरान सीठियो इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें एक अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया. उसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन पिस्टल, गोलियां, मैगजीन, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार बरामद की है. प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह के सदस्यों की कांके, हजारीबाग, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है.
बड़ी वारदात की फिराक में रिंग रोड पर घूम रहे थे अपराधी
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी एक कार से रिंग रोड इलाके में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रांची के निर्देश पर एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण के निर्देशन में डीएसपी हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.
कार रोककर चार अपराधियों को दबोचा
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिंग रोड क्षेत्र में संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल, गोलियां, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए. प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों के राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने की जानकारी मिली. पुलिस अब विभिन्न फायरिंग की घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
सीठियो में पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अपराधी घायल
चार आरोपियों से मिली जानकारी और उनकी निशानदेही पर गिरोह के एक अन्य सदस्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने सीठियो इलाके में छापेमारी की. इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लगी. घायल अपराधी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया. उसके पास से एक पिस्टल, गोली और मोबाइल फोन बरामद किया गया.
कांके से हजारीबाग और टंडवा तक फायरिंग में कनेक्शन
पुलिस की प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार अपराधियों के कांके में फायरिंग की घटना के अलावा हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस इन सभी घटनाओं में आरोपियों की वास्तविक भूमिका और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जांच कर रही है.
