Ranchi: राजधानी रांची में GAIL द्वारा सड़कों पर किए जा रहे कार्यों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत की अध्यक्षता में GAIL के अधिकारियों एवं संबंधित संवेदकों के साथ बैठक हुई. इसमें सड़क कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और काम पूरा होने के बाद सड़क की पूर्व स्थिति बहाल करने को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए.
काम खत्म होते ही सड़क करनी होगी पहले जैसी
अनुमंडल पदाधिकारी ने GAIL के अधिकारियों और संवेदकों को निर्देश दिया कि सड़क पर किसी भी प्रकार का कार्य पूरा होने के बाद उसकी स्थिति पूर्ववत करना अनिवार्य होगा. कार्य शुरू होने से पहले सड़क जिस स्थिति में थी, काम पूरा होने के बाद उसे उसी स्थिति में बहाल किया जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो.
गड्ढे खुले छोड़ने पर रोक, तत्काल भरने का निर्देश
पाइपलाइन अथवा अन्य निर्माण कार्यों के दौरान सड़क पर किए गए गड्ढों को कार्य पूर्ण होने के तुरंत बाद भरने और सड़क को समतल एवं आवागमन योग्य बनाने को कहा गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के कारण आम लोगों को लंबे समय तक आवागमन की परेशानी नहीं होनी चाहिए.
बैरिकेडिंग और सुरक्षा मानकों का करना होगा पालन
कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से उचित बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. वाहनों और पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक इंतजाम करने तथा दुर्घटना की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया.
NHAI और RCD से समन्वय कर पूरा करें परियोजनाएं
बैठक में GAIL के अधिकारियों को NHAI एवं पथ निर्माण विभाग (RCD) के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ सड़क उपयोग करने वाले लोगों को होने वाली परेशानी भी कम की जा सकेगी.
गुणवत्ता और नागरिक सुविधा पर विशेष जोर
अनुमंडल पदाधिकारी सदर ने संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इसके साथ आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए. कार्यों की नियमित निगरानी करने और प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देशों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया.
