Ranchi: सिमडेगा जिले के बोलबा थाना क्षेत्र के पालेमुंडा कुम्हारटोली में जमीन विवाद को लेकर हुए हत्याकांड में फरार चल रही महिला प्राथमिकी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 50 वर्षीय सुकरमुनी देवी से गिरफ्तार किया.

25 जुलाई को हुई थी भाई की हत्या

जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को पालेमुंडा कुम्हारटोली में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही थी. इसी विवाद में बड़े भाई बसंत महतो (58) ने अपने बेटों के साथ मिलकर छोटे भाई भुनेश्वर महतो (58) पर चाकू और तलवार से हमला कर दिया था. हमले में भुनेश्वर महतो की मौत हो गई थी.

घटना के बाद मृतक के पुत्र परशुराम महतो के लिखित आवेदन पर बोलबा थाना (कांड संख्या-17/26) में मामला दर्ज किया गया था. एसपी के निर्देश पर गठित टीम कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी अभियान के दौरान गुरुवार को पुलिस टीम को सफलता मिली. पुलिस ने फरार महिला प्राथमिकी आरोपी सुकरमुनी देवी को सलडेगा टोंगरीटोली से गिरफ्तार कर लिया. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है.

विवाद का समाधान कानून के दायरे में करने की अपील

सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आपसी विवाद अथवा जमीन संबंधी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें. किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में न लें। किसी अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed