Ranchi: नामकुम थाना क्षेत्र में मसाज के बहाने लोगों को घर बुलाकर मारपीट, लूटपाट और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी में सानिया प्रवीण, पति मो० हैदर और सो० वसीम उर्फ छोटू का नाम शामिल है. तीनों आऱोपी नामकुम थाना क्षेत्र के रहने वाले है,
नामकुम थाना (कांड संख्या 264/26) में दर्ज मामले से संबंधित है. पुरानी रांची कोतवाली निवासी मो. नसीम ने नामकुम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें मसाज के नाम पर घर बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट कर लूटपाट की गई और रंगदारी की मांग की गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर वरीय डीएसपी मुख्यालय प्रथम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सानिया प्रवीण (24), उसके पति मो. हैदर (25) और मो. वसीम उर्फ छोटू (29) को गिरफ्तार कर लिया.
ऐसे फंसाते थे लोगों को
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य मोबाइल के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें मसाज के बहाने घर बुलाया जाता था. घर पहुंचने के बाद पहले से मौजूद सहयोगी पीड़ित के साथ मारपीट करते थे.। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर फोटो और वीडियो बना लिया जाता था. पीड़ित के पास मौजूद नकदी, जेवरात और अन्य सामान भी लूट लिया जाता था.
वीडियो बनाकर मांगते थे रंगदारी
इसके बाद बनाए गए फोटो और वीडियो के जरिए पीड़ित को ब्लैकमेल किया जाता था. आरोपियों ने मो. नसीम के साथ भी इसी तरीके से घटना को अंजाम दिया. मारपीट के दौरान उनसे 46 हजार रुपये नकद और गले में पहनी सोने की चेन लूट ली गई. इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की जाने लगी.
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पूछताछ में गिरोह बनाकर सुनियोजित तरीके से घटनाओं को अंजाम देने की बात भी सामने आई है. गिरफ्तार मो. हैदर और मो. वसीम उर्फ छोटू का पूर्व आपराधिक इतिहास बताया गया है.
