Patna: बेनियाबाद थाना में पकड़े गए आरोपियों को थाना प्रभारी की जानकारी के बिना छोड़ने और कर्तव्य के प्रति लापरवाही के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. मुजफ्फरपुर एसएसपी ने बेनियाबाद थाना में पदस्थापित एसआई मोहन दीपाकरण, सिपाही सौरभ कुमार एवं चौकीदार गुल्टेन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. मिली जानकारी के अनुसार बेनियाबाद थाना के पुलिसकर्मियों के संबंध में एक ऑडियो प्राप्त हुआ था. मामले की जांच एसडीपीओ पूर्वी-01 द्वारा की गई. जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ग्रामीणों द्वारा पकड़कर थाना लाए गए आरोपियों को वरीय पुलिस पदाधिकारी/थानाध्यक्ष को बिना अवगत कराए छोड़ दिया गया.
निजी व्यक्ति के जरिए लेन-देन की भी जांच में पुष्टि
जांच में एक निजी व्यक्ति के माध्यम से लेन-देन कर आरोपियों को छोड़ने की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है. वायरल ऑडियो में बार-बार नाम आने वाले एक व्यक्ति पर कई कांडों में आरोपित होने का भी उल्लेख किया गया है. पुलिस के अनुसार, पूरे मामले में थाना में पदस्थापित एसआई मोहन दीपाकरण की भूमिका संदिग्ध पाई गई. वहीं सिपाही सौरभ कुमार और चौकीदार गुल्टेन कुमार पर भी कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता, मनमानेपन एवं संदिग्ध आचरण के आरोप सामने आए. एसडीपीओ पूर्वी-01 की रिपोर्ट के आधार पर मुजफ्फरपुर एसएसपी ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई की. पुलिस के मुताबिक, आरोपितों/आरोप पत्रित अभियुक्तों से अनावश्यक मेलजोल रखना और संदिग्ध आचरण पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के प्रतिकूल पाया गया. थानाध्यक्ष एसआई धीरेन्द्र कुमार सिंह ने 14 अगस्त को ही योगदान दिया था. जांच में उनकी भूमिका परिलक्षित नहीं हुई है. हालांकि, थानाध्यक्ष से अपने अधीनस्थों पर प्रभावी नियंत्रण एवं पर्यवेक्षण नहीं रखने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है.
