Patna: बांका पुलिस ने बिहार सशस्त्र पुलिस-10 की सरकारी भूमि से अवैध मिट्टी उत्खनन के मामले में प्रिंस कंस्ट्रक्शन के ठेकेदारों व कर्मियों की संलिप्तता उजागर की है. इस मामले में संवेदक समेत चार के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है, जो फिलहाल फरार हैं. अनुसंधान में पता चला कि प्रिंस कंस्ट्रक्शन द्वारा उक्त स्थान से अवैध रूप से मिट्टी का उत्खनन कर उसे नवनिर्मित कटोरिया-टुग्गा सड़क मार्ग में भराव के लिए उपयोग किया गया. आरोपी की गिरफ्तार के लिए गठित विशेष पुलिस टीम ने बांका, सिमुलतला, देवघर, पटना, पूर्णिया तथा कटोरिया थाना क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी किया. सभी आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार हैं.
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार बिहार सशस्त्र पुलिस-10 के वाहिनी मुख्यालय निर्माण के लिए राजस्व विभाग द्वारा मौजा मोथाबाड़ी में भूमि आवंटित की गई थी. आरोप है कि इस भूमि से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बिना अनुमति अवैध रूप से मिट्टी का उत्खनन कर लिया गया था. इस संबंध में बांका ओढ़नी ओपी थाना (कांड संख्या-466/26) में प्रिंस कंस्ट्रक्शन के संवेदक लालधारी यादव, ओंकार यादव, मुंशी परशुराम ठाकुर और धनेश्वर यादव के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज किया गया.
