Patna: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में बेलसंड के विधायक अमित रानू के घर पर सर्च अभियान चलाया गया है. पुलिस ने इस मामले में 2 लोगों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार भी किया है. गिरफ्तार आरोपी में मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार के रहने वाले सुमित कुमार श्रीवास्तव और अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी सन्नी सिंह का नाम शामिल है.

विधायक के घर सर्च, कागजात बरामद

इस मामले में विधायक के भाई सोनू सिंह उर्फ अभिनव को नामजद किया गया है. विधायक की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है. कोर्ट से सर्च वारंट लेकर पुलिस ने बेलसंड विधायक अमित रानू और भाई सोनू सिंह के बैरिया स्थित घर पर छापेमारी की. वहां से पार्टनरशिप एग्रीमेंट, बैंक अकाउंट और 2017 का हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टाम्प पेपर बरामद किया गया है. पुलिस ने बताया कि सभी भू-माफियाओं की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और संपत्ति जप्त की कार्रवाई भी होगी.

50 से अधिक लोगों ने किया था हमला

पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को स्कॉर्पियो, थार, जेसीबी और मोटरसाइकिल सवार करीब 50 से अधिक लोगों ने अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां में जमीनों पर हो रहे निर्माण को तोड़ दिया था. एक वाहन पर राजनीतिक पार्टी लोजपा आर का बोर्ड लगा था. आरोप है कि विरोध करने पर मारपीट की गई और जमीन खाली करने की धमकी दी गई. साथ ही कहा गया कि “यदि रहना है तो BOSS को पैसा देकर ही रहना पड़ेगा”. पीड़ित प्रहलाद कुमार के आवेदन पर अहियापुर थाना (कांड संख्या-1323/26) में मामला दर्ज किया गया. इसमें 2 नामजद और 50 अज्ञात शामिल हैं. इसके अलावा 12 अन्य पीड़ितों ने भी आवेदन दिया है. मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सुमित कुमार श्रीवास्तव और सन्नी सिंह को गिरफ्तार किया है. अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed