Patna: किशनगंज पुलिस ने अन्तरजिला शटर कटवा चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मोतिहारी जिले से 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों से चोरी का 6800 रुपये, 3 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त चादर भी बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपी में मोतिहारी जिले क जितना थाना क्षेत्र के कोईरगामा के रहने वाले भोला सहनी, नीरज कुमार और दरपा थाना क्षेत्र के सन्नी कुमार का नाम शामिल है. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले दुकान की रैकी करते थे. रात में दुकान, शोरूम के आगे चादर लगाकर खड़े हो जाते थे ताकि बाहर से गतिविधि नजर न आए. फिर शटर उठाकर, काटकर अंदर घुसकर चोरी करते थे और सीसीटीवी से बचने के लिए अलग-अलग गुट में भाग जाते थे.

गिरोह में नेपाल के अपराधी भी शामिल

जानकारी के मुताबिक 8 अगस्त को गांधी चौक वार्ड नं0 26 निवासी कमल कुमार विहानी ने किशनगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार अज्ञात चोरों ने उनकी “जीवन ज्योति दवा दुकान” का शटर उठाकर कैश काउंटर का ताला तोड़कर करीब 50,000 रुपये चोरी कर लिए थे. इस संबंध में किशनगंज थाना (कांड संख्या-882/26) में मामला दर्ज किया गया. किशनगंज एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर अंचल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.  तकनीकी के आधार पर टीम ने मोतिहारी के जितना थाना क्षेत्र से 3 आरोपियों को धरदबोचा. इस गैंग में मोतिहारी, सीतामढ़ी जिला तथा नेपाल के अपराधी भी शामिल हैं. अन्य 5 आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी चोरी के पैसे की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *