Patna: गोपालगंज जिले के हथुआ थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्मैक जैसे मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री करने वाले 5 युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 3.49 ग्राम स्मैक, 1 बाईक और 4 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं. गिरफ्तार आरोपी में हथुआ थाना क्षेत्र के गोविंद कुमार, आदित्य सिंह, आकाश कुमार, मीरगंज थाना क्षेत्र के करण कुमार और अनिकेत श्रीवास्तव का नाम शामिल है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना मिली कि बरवा कपरपुरा स्थित फील्ड के पास कुछ लोग स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना पर थानाध्यक्ष हथुआ ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की. पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे 5 लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्हें स्मैक करण चौहान उपलब्ध कराता था. ये लोग विभिन्न स्थानों पर घूम-घूमकर इसे बेचते थे. इस संबंध में हथुआ थाना (कांड संख्या 256/26) में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
