Ranchi: प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के अहले सुबह किए गए पैदल निरीक्षण से सलगा पंचायत के ग्रामीणों को 5 साल पुराने सड़क विवाद से निजात मिल गई. प्रतिदिन की तरह पैदल भ्रमण पर निकले बीडीओ-सीओ लगभग 4 किलोमीटर पैदल चलकर सलगा पंचायत के विभिन्न टोलों में पहुंचे. इसी क्रम में जब वे बैगा टोली पहुंचे तो उनके साथ लगभग 150 ग्रामीण और बच्चे भी जुड़ गए.
5 साल पुराना विवाद हुआ खत्म
बैगा टोली में पिछले 5 वर्षों से सड़क पर महेंद्र यादव के अवैध कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था. मौके पर अंचल अमीन अमलेश यादव के साथ निरीक्षण के बाद सीओ ने अतिक्रमणकारी महेंद्र यादव को कड़े लहजे में निर्देश दिया. प्रशासनिक सख्ती के बाद महेंद्र यादव ने तुरंत कब्जा हटाने पर सहमति जता दी. सीओ ने अमीन को पूरे मार्ग की मापी कर अतिक्रमण चिह्नित करने और रास्ता कब्जा मुक्त कराने का आदेश दिया.
बंद शौचालय और जर्जर सड़क पर भी एक्शन
सलगा चौक पर बंद पड़े सामुदायिक शौचालय को लेकर सीओ ने स्थानीय दुकानदार को चाबी सौंपने का आदेश दिया. शौचालय की साफ-सफाई के लिए 5 से 10 रुपये शुल्क लेकर इसे तुरंत चालू करने का निर्देश दिया. भ्रमण के दौरान जर्जर सड़क देखकर उन्होंने सलगा मुखिया उमेश प्रजापति को ‘वीबीजी राम जी योजना’ के तहत सड़क स्वीकृत कराकर जल्द निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया.
“जनसमस्या समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता”
इस मौके पर बीडीओ-सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि “रोजाना सुबह पैदल भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाता है. 5 सालों से बंद पड़े सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सड़क के सुदृढ़ीकरण पर भी त्वरित कार्रवाई की जा रही है. “कार्यक्रम में मुखिया उमेश प्रजापति, अंचल अमीन अमलेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित थीं. सीओ के इस प्रयास से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है.
