Ranchi: लोहरदगा में 30 जुलाई की शाम करीब 3 घंटे के अंदर हुई 3 घटनाओं का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया. ज्वेलरी शॉप में लूट के प्रयास, पेट्रोल पंप पर छिनतई और प्रिया स्टोर संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में लोहरदगा थाना क्षेत्र के कुरसे के रहने वाले लाल रौशन नाथ शाहदेव और गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हसमथ राजा का नाम शामिल है. आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक गोली और मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है. निधि कॉम्पलेक्स में प्रिया स्टोर चलाने वाले शुभम कुमार की हत्या मुखबिरी के शक में की गई थी. आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव ने पुलिस को बताया कि उसकी दुश्मनी पूर्व पीएलएफआई कमांडर संदीप भगत से थी. शुभम संदीप के लिए मुखबिरी करता था, इसी वजह से उसे गोली मार दी.
इस तरह दिया वारदात को अंजाम, दुश्मनी बनी हत्या की वजह
मामले की जानकारी देते हुए लोहरदगा एसपी ने बताया कि 30 जुलाई को शाम 4:35 बजे आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव और हसमथ राजा खत्री ज्वेलर्स पहुंचे.13,500 रुपये की सोने की चैन पर 500 रुपये कम करने को लेकर दुकानदार से विवाद हुआ. गुस्से में लाल रौशन ने पिस्तौल निकाल ली, लेकिन दुकानदार ने हथियार छीनकर दोनों को दुकान से बाहर कर दिया. इसके बाद शाम 5:30 बजे दोनों पतराटोली पेट्रोल पंप पहुंचे और काउंटर से कैश लूटने की कोशिश की. वहां कर्मचारियों के शोर मचाने पर वे भाग निकले और सीधे बगल स्थित प्रिया स्टोर में घुस गए. यहीं उन्होंने शुभम कुमार को सिर में गोली मार दी. घायल शुभम को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी बनाई गई. सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने शनिवार की सुबह ग्राम ओयना के एक बंद मकान में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मुख्य आरोपी लाल रौशन ने बताया कि उसकी दुश्मनी पूर्व पीएलएफआई कमांडर संदीप भगत से थी. शुभम कुमार संदीप के लिए मुखबिरी करता था. इसी सूचना के आधार पर उसने शुभम की हत्या कर दी. मुख्य आरोपी लाल रौशन निवासी कुरसे, लोहरदगा पर हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के 6 मामले पहले से दर्ज हैं.
