Patna: शिक्षा और विकास को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को मुंगेर जिले के तारापुर से कई अहम घोषणाएं कीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे. साथ ही सरकारी विद्यालयों में अब शनिवार को हाफ-डे पढ़ाई होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सात निश्चय-3 के तहत प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलकर ग्रामीण छात्रों को घर के पास उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है. हाल में राज्य के विभिन्न प्रखंडों में 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालय शुरू किए गए थे. तारापुर में नए कॉलेज के साथ यह संख्या 212 हो गई. तारापुर के असरगंज, जलालाबाद में रामानंद एवं परसी-राम उच्च विद्यालय परिसर में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का शुभारंभ किया गया. सभी प्रखंडों में लाइव क्लास शुरू होगी. डिजिटल ऐप के माध्यम से छात्र रात 11 बजे तक शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन ले सकेंगे.

तारापुर में मॉडल स्कूलों का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने तारापुर विधानसभा के सरस्वती विद्या निकेतन सहित कई विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का उद्घाटन किया. इनमें +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय लौना, आर.एन.एम. उच्च विद्यालय रनग्राम, सीता देवी जगमोहन साह +2 बालिका उच्च विद्यालय असरगंज, गांधी मेमोरियल +2 उच्च विद्यालय मुजफ्फरगंज शामिल हैं. इन स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और समृद्ध पुस्तकालय की सुविधा दी गई है. मुख्यमंत्री ने कक्षाओं का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया.

हरपुर में मॉडल थाना और कानून-व्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री ने तारापुर प्रखंड के हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का उद्घाटन किया. इस भवन में जन सुनवाई कक्ष, महिला-बाल सुविधा कक्ष, निगरानी नियंत्रण कक्ष, वायरलेस और कंप्यूटर कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक थाना भवनों से अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी.

तारापुर में उद्योग और एयरपोर्ट बनेगा

क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने दो बड़ी घोषणाएं कीं. तारापुर में उद्योगों की स्थापना की जाएगी. अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जाएगा. इसके लिए भूमि अधिग्रहण शुरू हो चुका है. मुख्यमंत्री ने कहा इससे मुंगेर-तारापुर विकास के नए केंद्र बनेंगे और युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिलेगा.

खेल और प्रतियोगी परीक्षा पर फोकस

आर्थिक तंगी के कारण जो छात्र NEET-JEE की तैयारी नहीं कर पाते थे, अब हर प्रखंड में गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था होगी  असरगंज विद्यालय के सामने मैदान का विकास कर खेल सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed