Patna: समस्तीपुर पुलिस ने ताजपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गणेश सहनी हत्या कांड के वांछित और कुख्यात अपराधी बिट्टू कुमार को उसके एक सहयोगी के साथ अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी को सूचना मिली कि वांछित अपराधी बिट्टू कुमार अपने सहयोगी अंशु कुमार के साथ वाजितपुर करनैल स्थित चौर में पोखर के पास मचान पर बैठा है.
सूचना पर हलई थाना की टीम ने छापेमारी कर दोनों को धर दबोचा. तलाशी में बिट्टू कुमार के पास से 1 लोडेड देसी पिस्टल, 07 गोली, 1 मोबाइल और 2000 रुपये नगद बरामद हुए. वहीं अंशु कुमार के पास से 1 लोडेड मैगजीन जिसमें 06 गोली और 1 मोबाइल मिला. इस संबंध में हलई थाना (कांड सं. 130/26) में मामला दर्ज किया गया है.

हत्या में प्रयुक्त था हथियार

अनुसंधान में पता चला कि बिट्टू कुमार से बरामद हथियार ही 8 फरवरी को ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन पर मिर्जापुर निवासी गणेश सहनी की हत्या में प्रयुक्त था. इस सन्दर्भ में ताजपुर थाना (कांड सं. 29/26) में मामला दर्ज है. बिट्टू कुमार इसी मामले में वांछित चल रहा था. इसके अलावा 16 मई को हलई थाना क्षेत्र के लोदीपुर नारायण में महायज्ञ के मेले में फायरिंग के मामले में भी यह वांछित था. गिरफ्तार बिट्टू कुमार पर हलई और ताजपुर थानों में आर्म्स एक्ट और हत्या के 3 मामले पहले से दर्ज हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *