Ranchi: जमशेदपुर पुलिस ने साधु के भेष में गांजे का काला कारोबार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने सप्लायर समेत 2 शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर 7.8 किलो से ज्यादा गांजा, नकद और तौल मशीन बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी में ओलिडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नं-05 के रहने वाले रोशन कुमार और बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा के रहने वाले शंभू महतो उर्फ साधु का नाम शामिल है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी को गुप्त सूचना मिली कि सिमुलडांगा, NH-33 सड़क किनारे काली मंदिर के पास एक गुमटी में अवैध गांजा छुपाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचा जा रहा है. सूचना पर पटमदा डीएसपी एवं एमजीएम थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम ने छापेमारी की. गुमटी से रोशन कुमार को हिरासत में लिया गया. तलाशी में 130 ग्राम गांजा पैकेट में, BONGONCHIE PERFECT ROLL FOR THE PERFECT SOUL लिखे डब्बे में सिगरेट के आकार के 60 पीस गांजा, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और 3060 रुपये नकद बरामद हुए.
पूछताछ में रोशन ने बताया कि वह बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो उर्फ साधु से हर सप्ताह 2-3 बार गांजा लाता है. साधु बड़े पैमाने पर गांजा का कारोबार करता है. रोशन की निशानदेही पर शंभू महतो उर्फ साधु के घर छापेमारी हुई. घर से 7.670 किलो गांजा, गांजे का बीज और 5840 रुपये नकद बरामद किया गया. इस संबंध में एमजीएम थाना (कांड सं. 84/26) में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार रोशन कुमार पहले भी NDPS केस में जेल जा चुका है.
