Ranchi: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी रांची स्थित होटल बीएनआर चाणक्या राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ इरफान अंसारी रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड के मरीजों का पूरा भार अभी एक ही RIMS पर है. उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से रांची में एम्स की स्थापना को लेकर बात हुई है. साथ ही RIMS-2 भी जल्द अस्तित्व में आएगी. उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य विभाग को दुरुस्त कर झारखंड के अंतिम पायदान के व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे.” मंत्री ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रयास किया जा रहा है. नर्सिंग कॉलेज खोलने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है.
साहिया बहनों और प्रसव को लेकर योजना
डॉ अंसारी ने कहा कि साहिया बहनों की समस्याओं को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखा गया है. उनके लिए 400 छोटी एंबुलेंस की मांग की गई है. C-Section प्रसव के लिए राज्य के सभी सदर अस्पतालों में 100 बेड का एक सेंटर खोलने की योजना है. आने वाले दो वर्षों में सब सेंटर और CHC में भी C-Section ऑपरेशन शुरू करने का लक्ष्य है. सदर अस्पतालों में सभी स्पेशलिस्ट डॉक्टर रहेंगे और उनका अलग वार्ड होगा.
जनसंख्या को चुनौती नहीं अवसर मानें: अपर मुख्य सचिव
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अजय कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को हम चुनौती नहीं बल्कि अवसर के रूप में लेकर मानव संसाधन का बेहतर उपयोग कर विकसित राज्य बनाएंगे. उन्होंने बताया कि टेलीरेडियोलॉजी सेंटर सदर अस्पताल में खोला गया है. मइयां सम्मान योजना से महिलाओं को सशक्त किया जा रहा है. गांवों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता फैलाने की जरूरत है.
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है. बीमारियों से होने वाली मौतों पर काबू पाया गया है. जनसंख्या नियंत्रण से आर्थिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास में मदद मिलेगी.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान
कार्यक्रम में मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने अंतरा पोस्टर, इम्प्लांट और PPF पोस्टर का अनावरण किया. साथ ही जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, सहियाओं, ANM और अन्य पदाधिकारियों को सम्मानित किया. कार्यशाला में डॉ रंजीत, डॉ पुष्पा, सिविल सर्जन रांची डॉ प्रभात कुमार, सिविल सर्जन खूंटी डॉ ललित रंजन पाठक, डॉ रवि रंजन, डॉ एन डी मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, मुखिया और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.
