Patna: मोतिहारी पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले इंटरस्टेट अपराधियों के एक गैंग को दबोच लिया है. छतौनी थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई में पिस्टल, देशी कट्टा और भारी मात्रा में कारतूस के साथ 5 शातिर बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं. उड़ीसा के गंजम जिले के अस्का थाना क्षेत्र के गंजम अस्का निवासी ओउल अजित, अस्का काराखंडा के रहने वाले डी0 गांधी, खरौरा थाना क्षेत्र के खरौरा निवासी मकला दिलीप, जाजपुर जिले के जाजपुर थाना क्षेत्र के देश भनिया के रहने वाले जीतू राव प्रधान और किशोर प्रधान का नाम शामिल है. आरोपी के पास से एक 1 पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 8 गोली, 2 चोरी की बाईक, 6 मोबाइल एवं 2 नंबर प्लेट  पुलिस ने बरामद किया है.

मिली जानकारी के मुताबिक छतौनी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि होटल सिटी इंटरनेशनल के पीछे बड़ा बरियारपुर में 4-5 अज्ञात व्यक्ति इकट्ठा हुए हैं, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं. सूचना पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. मौके से हथियार, गोली, बाईक समेत अन्य सामान के साथ 5 आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

शातिर अपराधी हैं सभी

गिरफ्तार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है. सरगना ओउल अजित पर उड़ीसा के आर उदयगिरी, बागोमुंडा, इरजामा, बरहमपुर नगर, मंगलाबाग, निराकरपुर थाना में कुल 6 केस दर्ज हैं. डी0 गांधी पर 7 थानों में केस हैं. मकला दिलीप पर 2 और जीतू प्रधान पर 1 केस दर्ज है.  इस संबंध में छतौनी थाना में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. बरामद हथियारों और बाइकों के स्रोत की जांच की जा रही है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed