Ranchi: रांची रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भागने वाले शातिर चोर को आरपीएफ ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया. सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर गुरुवार को प्लेटफॉर्म संख्या 01 से दबोचा गया है. मिली जानकारी के अनुसार रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 04/05 पर ट्रेन संख्या 18603 एक्सप्रेस में अपने परिवार को विदा कर रहे यात्री अजय कुमार सिन्हा के बच्चे के गले से एक अज्ञात व्यक्ति भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गया था.

सीसीटीवी  फुटेज से खुला राज

शिकायत मिलते ही आरपीएफ रांची ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया. फुटेज में एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई. गुरुवार को सीसीटीवी स्टाफ की सूचना पर रांची आरपीएफ की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान बोकारो निवासी ऋतिक मिश्रा के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट, एक काला बटुआ एवं पैन कार्ड की प्रति बरामद की गई. शिकायतकर्ता अजय कुमार सिन्हा ने बरामद लॉकेट की पहचान अपने बच्चे के लॉकेट के रूप में की. पूछताछ में आरोपी ऋतिक मिश्रा ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.

जीआरपी को सौंपा गया आरोपी

बरामदगी और पूछताछ के बाद आरपीएफ ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रांची जीआरपी के हवाले कर दिया है. जीआरपी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed