Patna: गुरुवार को गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र में शौचालय को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. महरादेउर गांव स्थित खेत में शौच करने को लेकर हुए झगड़े में सुनील चौहान की पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई. गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही हथुआ एसडीपीओ और भोरे थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया है. एसपी के निर्देश पर एसआईटी गठितमामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज एसपी के निर्देशन में हथुआ एसडीपीओ एवं भोरे थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है. गठित टीम मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच और छापेमारी की कार्रवाई कर रही है.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की कार्रवाई जारी है.
