Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई. एक अणे मार्ग, लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित इस बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिहार में पेट्रोल, डीजल, पीएनजी और एलपीजी गैस का कनेक्शन स्टॉक, खपत एवं आपूर्ति की वर्तमान स्थिति के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी. अभय कुमार सिंह ने बताया कि बिहार में अब तक 01 लाख 12 हजार पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन फंकशनल है तथा इसके लिए 25,813 लोगों ने आवेदन भी दिया है. पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन लगाने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कॉलोनी, अपार्टमेंट जैसे स्थानों पर बने सामूहिक घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में फोकस करें. इससे अधिक घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस की पहुँच बढ़ेगी जिससे लोगों को काफी सहूलियत होगी. इस काम में और अधिक तेजी लाकर निचले स्तर तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित कराएं. हमारी प्राथमिकता है कि आमलोगों को अधिक से अधिक सुविधा मिले. इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाएं.

मुख्यमंत्री ने राज्य में पेट्रोल-डीजल एवं एलपीजी की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की और कहा कि राज्य में पेट्रोल-डीजल एवं एलपीजी की अभी पर्याप्त उपलब्धता है इसलिये लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है. मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि जरूरत पड़ने पर ही चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल करें. उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों के क्रय और उसके इस्तेमाल पर जोर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed