Patna: राज्य में प्राकृतिक गैस (एलपीजी) से संबंधित समस्याओं को तुरंत दूर करने के लिए खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण ने पटना में एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की है. यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक कार्यरत रहेगा. इस अवधि के दौरान राज्य के उपभोक्ता एलपीजी की उपलब्धता, वितरण अथवा उससे संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के संबंध में इस विभागीय नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं. आमलोग अपनी समस्याओं एवं कठिनाइयों से नियंत्रण कक्ष को टेलीफोन नंबर 0612-2233050 पर अवगत करा सकते हैं, ताकि विभाग द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि एलपीजी से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में अनावश्यक भ्रमित होने के बजाय विभाग द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, जिससे समस्याओं का शीघ्र निदान सुनिश्चित किया जा सके.
घरेलु उपयोग के लिए पर्याप्त है भंडार
पेट्रोलियम एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि राज्य में घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. ऐसे में आम उपभोक्ताओं को घबराने या गैस एजेंसियों के पास अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है. उपभोक्ताओं की सुविधा तथा गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा वर्तमान में यह व्यवस्था लागू की गई है कि किसी भी घरेलू उपभोक्ता को अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नये गैस सिलेंडर की बुकिंग (नंबर लगाने की) करने की अनुमति है. बुकिंग दर्ज होने के पश्चात 2 से 3 दिनों के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.
आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की हो रही है निगरानी
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा घरेलू गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके. विभाग द्वारा आम जनता के हित में घरेलू गैस वितरण प्रणाली को सुचारु और पारदर्शी बनाए रखने के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं. विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि वे धैर्य बनाए रखें तथा अनावश्यक रूप से गैस वितरकों के यहां भीड न लगाएं साथ ही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें.
