Ranchi: रांची स्टेशन के समीप ओवरब्रिज के नजदीक से तीन माह का नवजात को आरपीएफ ने सुरक्षित बचाकर सीडब्लूसी के हवाले कर दिया. कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर रांची आरपीएफ द्वारा ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरती जा रही है. इसी क्रम में जांच के दौरान आरपीएफ पोस्ट रांची में ड्यूटी पर तैनात शिफ्ट अधिकारी एएसआई अरुण कुमार एवं महिला कांस्टेबल राखी कुमारी द्वारा रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर ओवरब्रिज के नीचे एक लगभग 3 माह के नवजात शिशु बालक को लावारिस अवस्था में देखा. घटना की सूचना तत्काल जीआरपी को दी गई. महिला कांस्टेबल राखी कुमारी ने शिशु को सुरक्षित रूप से जीआरपी लाया. तथा उसे सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया. इसके पश्चात आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, किंतु कोई भी व्यक्ति शिशु के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सका. आगे की जांच के क्रम में स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया, जिसमें एक अज्ञात पुरुष व्यक्ति शिशु को लेकर जाते हुए दिखाई दिया. हालांकि, फुटेज में शिशु को रखने का सटीक स्थान स्पष्ट नहीं था तथा उक्त व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित नहीं हो सकी. इसके आधार पर रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन की गई, लेकिन संबंधित व्यक्ति का पता नहीं चल सका. सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के उपरांत शिशु बालक को जीआरपी की उपस्थिति में चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (सीडब्ल्यूसी) को सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया गया.
