Ranchi: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहरावा स्थित ‘वैष्णी ज्वेलरी’ में हाल ही में हुई सनसनीखेज डकैती की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य सरगना समेत 05 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से लगभग 48.26 ग्राम सोना, 4.051 किलोग्राम चांदी (कुल अनुमानित मूल्य करीब 16 लाख रुपये), घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा गोली, चाकू, पेचकस, प्लास, बाईक, हेलमेट और मोबाइल बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी में धनबाद जिले क कतरास थाना क्षेत्र के गोपालपुर श्यामडीह के रहने वाले मोहिउद्दीन अंसारी, सद्दम अंसारी, गुलजार अंसारी, बोकारो जिले के बरमसिया राहरगोडा के रहने वाले सोबराती अंसारी और चंदनकियारी नवडीहा के रहने वाले शेख जमील का नाम शामिल है.
हथियार के बल पर परिवार को बनाया था बंधक, कई जिलों में फैला है नेटवर्क
मामले की जानकारी देते हुए हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि 25-26 सितंबर की रात को अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर परिवारजनों को बंधक बनाकर वैष्णी ज्वेलरी दुकान से सोने-चांदी के आभूषणों की डकैती की घटना को अंजाम दिया था. इस संबंध में चौपारण थाना (कांड संख्या 252/26) में मामला दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी (अभियान), बड़कागांव और बरही एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. तकनीकी और परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गुप्त सूचना के जरिए गोरहर थाना क्षेत्र से अपराधियों को इंटरसेप्ट कर दबोच लिया.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही चौपारण में डकैती की घटना को अंजाम दिया था. इसके अलावा, इन अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. ये गिरोह हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर जैसे जिलों में ज्वेलरी दुकानों की रेकी कर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था. गिरफ्तार सभी अपराधियों पर विभिन्न थानों में डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामले दर्ज हैं. पुलिस ने लूटे गए आभूषणों को धनबाद और हजारीबाग के विभिन्न ठिकानों से बरामद कर लिया है.
