Ranchi: जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. उलीडीह ओपी क्षेत्र के उलीडीह बस्ती में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे तड़ीपार कुख्यात अपराधी सोनू शंख उर्फ चड्डे को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि उलीडीह बस्ती में बड़ा लाइट के पास कुछ अपराधी एकत्र होकर किसी संगीन अपराध की साजिश रच रहे हैं. इस सूचना में कुख्यात तड़ीपार अपराधी सोनू शंख उर्फ चड्डे के भी शामिल होने की बात सामने आई. सूचना मिलते ही पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने कार्रवाई करते हुए उलीडीह बस्ती में दबिश दी और घेराबंदी कर सोनू शंख को धर दबोचा.
जिला दंडधिकारी ने किया था तड़ीपार
उल्लेखनीय है कि जिला दंडधिकारी सह उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम द्वारा सोनू शंख उर्फ चड्डे को 29 अक्टूबर 2026 तक के लिए जिले की सीमा से प्रतिबंधित (जिला बदर/तड़ीपार) किया गया था. इसके बावजूद वह अवैध रूप से जिले में प्रवेश कर अपराध की योजना बना रहा था. इस संबंध में उलीडीह ओपी में सीसीए (CCA) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. उलीडीह ओपी क्षेत्र के न्यू उलीडीह के रहने वाले आरोपी सोनू शंख उर्फ चड्डे एक आदतन अपराधी है. उस पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और रंगदारी सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं.
