Patna: नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़ने तथा विधि-व्यवस्था भंग करने के मामले में वैशाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में 11 नामजद समेत 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी करते हुए अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली जिले के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के धीरज कुमार, प्रमोद कुमार, गौतम कुमार उर्फ सुजीत कुमार, राहुल कुमार, विशाल कुमार, राघोपुर थाना क्षेत्र के हरेराम राय, रवि कुमार, सतेन्द्र राय, पटना जिले के नदी थाना क्षेत्र के शिवम कुमार और दीदारगंज थाना क्षेत्र के अविनाश कुमार का नाम शामिल है. पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है.

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद किया हंगामा

एसएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की समाप्ति के बाद करीब 150 से 200 लोगों ने एकत्रित होकर नाजायज मजमा बनाया. आरोप है कि इस दौरान छह लेन पर लगाए गए सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़े गए तथा विधि-व्यवस्था भंग करने की कोशिश की गई. प्रदर्शनकारियों ने एक राजनीतिक दल विशेष के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की.

दंडाधिकारी के बयान पर प्राथमिकी, विशेष टीम ने की छापेमारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए दंडाधिकारी के बयान पर रुस्तमपुर थाना (कांड संख्या 46/26) में प्राथमिकी दर्ज किया गया. मामले में 11 नामजद और 150-200 अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई. टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया.

सुनियोजित तरीके से उपद्रव करने का आरोप, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, अनुसंधान में सामने आया है कि उपद्रवी तत्वों ने सुनियोजित तरीके से मजमा बनाकर सरकारी कार्यों के निष्पादन में बाधा उत्पन्न की और कार्यक्रम की गरिमा भंग करने का प्रयास किया. मामले में अन्य लोगों की पहचान के लिए अनुसंधान जारी है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed