Patna: सिवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र के मदेशिलापुर गांव में छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों की भीड़ द्वारा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. इस दौरान एक पुलिस पदाधिकारी की कमर से सरकारी पिस्टल छीनने का भी प्रयास किया गया तथा पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें मदेशिलापुर निवासी शिवम सिंह, चंद्रशेखर यादव तथा रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के आमबारी निवासी हालिम अंसारी का नाम शामिल है. पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी के दौरान इन लोगों ने हल्ला-गुल्ला वहीं, 13 नामजद और 25 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
गुप्त सूचना पर छठ घाट के पास पहुंची थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर को आंदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मदेशिलापुर गांव में दवना पुल के पास छठ घाट के किनारे कुछ लोग किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने के इरादे से जुटे हैं. सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की. पुलिस वाहन देखते ही चार व्यक्ति भागने लगे. पुलिस ने घेराबंदी कर तीन को पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति भागने में सफल रहा.
गिरफ्तारी के दौरान जुटी भीड़, पुलिस से धक्का-मुक्की
पकड़े गए आरोपी में मदेशिलापुर निवासी शिवम सिंह, चंद्रशेखर यादव तथा रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के आमबारी निवासी हालिम अंसारी का नाम शामिल है. पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी के दौरान इन लोगों ने हल्ला-गुल्ला कर आसपास के ग्रामीणों को जुटाना शुरू कर दिया. देखते ही देखते करीब 30 से 40 लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज तथा धक्का-मुक्की करने लगे.
पुलिस पदाधिकारी की पिस्टल छीनने का प्रयास
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान शिवम सिंह ने एक पुलिस पदाधिकारी का कॉलर पकड़ लिया और उनकी कमर से सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया. भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस वाहन को घेरकर गिरफ्तार आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस वाहन में तोड़फोड़ भी की गई। भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास में पुलिस पदाधिकारी और जवानों के साथ मारपीट की गई, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हो गए.
अतिरिक्त बल पहुंचने पर फरार हुए उपद्रवी
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाने से अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल को मौके पर भेजा गया. अतिरिक्त बल के पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोग फरार हो गए. पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें थाने लाया. तलाशी के दौरान चंद्रशेखर यादव के पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया. गिरफ्तार शिवम सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ आंदर थाने में वर्ष 2021 से 2026 के बीच शराब निषेध कानून, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कुल सात मामले दर्ज है. इनमें आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, रंगदारी और लूट से संबंधित धाराएं भी शामिल हैं. मामले में 13 नामजद और 25 अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.
