Patna: पूर्व एमएलसी के भांजे हर्ष सिंह की हत्या में शामिल इनामी अपराधी सिवान में पुलिस एनकाउंटर में ढ़ेर हो गया है. सीवान जिले में रविवार की अहले सुबह बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सोनू यादव मारा गया. 25 हजार का इनामी अपराधी मृतक सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव का रहने वाला था. बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हर्ष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया इलाके में छिपा है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर घेरने की कोशिश की, तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दिया. जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस के फायरिंग में सोनू यादव ढेर हो गया. वारदात में शामिल छोटू यादव को पूर्व में मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया था, जिसका इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है. ड्राइवर सुनील यादव को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
हत्या के बाद हथियार लहराते दिखा था आरोपी
29 अप्रैल सिवान नगर थाना क्षेत्र के ढाला के पास गाड़ी सटने के विवाद में सोनू यादव और उसके साथियों ने हर्ष और उनके पिता पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी. जिसमें पूर्व एमएलसी बीजेपी नेता मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की मौत हो गई. हर्ष सिंह के पिता चंदन सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें आरोपी हथियार लहराते दिख रहे थे.
