Patna: देवघर के मधुपुर में HDFC बैंक में 2.5 करोड़ की डकैती में वांछित कुख्यात अपराधी को एसटीएफ ने पूर्णिया से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी बिपिन राय लूट, डकैती व आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में पूर्व से वांछित था. ये गिरोह ज्वेलरी लूटने पर फोकस करता है. घटनाओं को अंजाम देने से पहले उसकी पूरी साजिश रचते थे. इनका गिरोह बहुत ही बड़ा है. बैंक लूट की घटना को अंजाम देने वालों ने होटलों व घरो में रहकर रेकी किया था. देवघर में होटल में ठहरने के लिए फर्जी पहचान पत्र का प्रयोग किया था. बैंक डकैती में अपराधियों ने करीब 1.70 करोड़ नगद और 2200 ग्राम सोने का गहना लेकर फरार हो गया था.
बुर्का और हेलमेट पहन बैंक पहुंचा अपराधी
22 सितंबर 2025 को देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में दिन-दहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने राजबाड़ी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम देते हुए नकदी, गहना सहित करीब 2.50 करोड़ की संपत्ति लूट लिया. अपराधियों ने कुछ ग्राहकों का भी पैसा लूट लिया. अपराधी डकैती की घटना को अंजाम देने के आराम से बाइक पर सवार होकर भाग गए. पहले एक बुरखा और एक हेलमेट पहना व्यक्ति बैंक पहुंचा. उन लोगों ने गार्ड से मैनेजर से मिलने की बात कही. इस दौरान गार्ड को उनकी हुलिया देखकर शक हो गया. उसने रोकने का प्रयास किया तो पीछे से चार और बदमाश आ गए। सभी लोग बैंक के अंदर घुस गए। उनके बाद बैंक के अंदर मौजूद बैंक कर्मियों, बैंक प्रबंधक, गार्ड, चपरासी को कब्जे में ले लिया. टेप से लोगों का हाथ पीछे की ओर बांध दिया. सभी लोगों का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया उसके बाद हथियार के बल पर स्ट्रांग रूम व चेस्ट की चाबी हासिल कर ली। उसके बाद अपराधी स्ट्रांग रूम के अंदर घुस गए. चेस्ट व आलमारी को खोलकर उसके अंदर से नकदी और सोने का गहना निकला लिया. करीब 20 मिनट तक बैंक में तांडव मचाने के बाद सभी अपराधी वहां से भाग गए. पुलिस मामले का उद्भेदन करते हुए 11 आरोपी को अक्टूबर 2025 में गिरफ्तार किया था. आरोपी में बिहार के वैशाली जिला के बिद्दुपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी विकास कुमार, गौतम कुमार, रोहित कुमार, वैशाली जिला के सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर गांव निवासी सन्नी सिंह उर्फ सूरज कुमार सिंह, रितेश कुमार उर्फ छोटू, सोनू कुमार, आनंद राज उर्फ टुकटुक, वैशाली जिला के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के एसडीओ रोड निवासी अन्नू सिंह उर्फ राहुल सिंह, वैशाली जिला के देसरी थाना क्षेत्र के देसरी गांव निवासी इंद्रजीत उर्फ कुंदन सिंह, वैशाली जिला के ही हाजीपुर थाना क्षेत्र के सदर थाना क्षेत्र के बलवा कुवारी गांव निवासी विशाल उर्फ सिंह और गुदरीबाजार पोखरा मोहल्ला निवासी आकाश कुमार शामिल हैं. गौतम कुमार और रोहित कुमार सगे भाई हैं. आरोपी के पास से एक नकाब, एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा गोली, दो एटीएम, नकद 5.50 लाख, एक स्कोडा कंपनी का चार पहिया वाहन, दस मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
