Patna: बिहार विधान परिषद में सुरक्षा प्रहरी पद पर बहाली के लिए दक्षता परीक्षा (आरएफआईडी आधारित दौड़) आयोजित होने जा रही है. 21 से 28 अप्रैल तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर सभी स्तर पर तैयारी कर ली गई है. इस मामले को लेकर पुलिस मुख्यालय के स्तर से दिशा-निर्देश जारी किया गया है. इस दौड़ का आयोजन पटना के बिहार वेटनरी कॉलेज मैदान में किया जा रहा है.

सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम 2 घंटे पहले अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं. ताकि प्रवेश एवं जांच प्रक्रिया सुचारू से संपन्न हो सके। इन्हें कुछ खास निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से करने के लिए कहा गया है. अभ्यर्थी अपने साथ प्रवेश-पत्र एवं वैद्य फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड या वोटर आईडी आदि) अवश्य लाएं. परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बैग, पुस्तकें आदि प्रतिबंधित हैं. सभी अभ्यर्थियों को तलाशी प्रक्रिया से गुजरना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. अनुशासनहीनता या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थी बिहार विधान परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डॉउनलोड कर सकते हैं. किन्हीं अभ्यर्थियों को डाक से प्रवेश-पत्र निर्गत नहीं किया जाएगा.

बिहार विधान परिषद सचिवालय की तरफ से सुरक्षा प्रहरी के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए 2023 में निकाली गई थी. इसकी शारीरिक योग्यता परीक्षा का आयोजन शुरू कर दिया गया है। परीक्षार्थी अपना निबंधन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन लॉगइन करके प्रवेश-पत्र डॉउनलोड कर सकते हैं. संबंधित अभ्यर्थियों को इसकी सूचना आवेदन में अंकित मोबाइल नंबर और ई-मेल पर प्रेषित है. दौड़ के लिए परीक्षार्थी दौड़ वाला जूता, दौड़ने के लिए उपर्युक्त परिधान आदि स्वयं लेकर आएंगे. किसी परिस्थिति में परीक्षा की तिथि एवं समय बदलने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed