Ranchi: सुनसान रास्ते में हथियार के बल पर राहगीर से लूटपाट के लिए डालटनगंज रेलवे स्टेशन से अंडरपास रेलवे ब्रिज की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर स्थित शिव मंदिर के समीप बैठे एक आरोपी को पलामू के शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वही मौके से एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. गिरफ्तार आरोपी चन्दन वर्मा शहर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली का रहने वाला है. आरोपी के पास से एक देशी रिवॉल्वर, दो गोली व मोबाइल बरामद किया गया है. वही कान्दू मुहल्ला निवासी फरार आरोपी के छोड़े गए बैग से एक देशी कट्टा व मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. पुलिस के अनुसार बीते रविवार को देर रात गुप्त सूचना मिली कि टीओपी-2 क्षेत्र स्थित डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास रेलवे कॉलोनी में रेलवे लाइन के बगल में दो संदिग्ध अपराधी किसी गंभीर घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से छुपे हुए हैं. सूचना पर टीओपी-2 के प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच छापेमारी की. छापेमारी के क्रम में डालटनगंज रेलवे स्टेशन से अंडरपास रेलवे ब्रिज की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर स्थित शिव मंदिर के समीप दोनो अपराधी अंधेरे में बैठे थे. पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगा. भाग रहे अपराधी में एक चन्दन वर्मा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. जबकि दूसरा अपराधी नितेश शर्मा अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एवं नितेश शर्मा रेलवे स्टेशन के पास राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे थे..
चन्दन वर्मा के विरुद्ध पलामू के सदर, शहर समेत अन्य थाना में नौ मामले दर्ज है. फरार अपराधी नितेश शर्मा के विरुद्ध आर्म्स एक्ट, लूट समेत अन्य पांच मामले दर्ज है.
