Patna: सारण के इशुआपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अचितपुर नट टोली में 20 जून को हुई हत्या की घटना का पुलिस ने 4 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. सौतेली मां सोनी देवी उर्फ सबरुन निशा की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में 2 महिला आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया गया है. मिली
जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार को इशुआपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अचितपुर नट टोली में सोनी देवी उर्फ सबरुन निशा, पति-अशोक गिरी की सौतेले बेटे, उसके परिवार वाले एवं उसके दोस्तों द्वारा गोलीमार कर हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही इशुआपुर थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सारण एसएसपी एवं ग्रामीण एसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया. एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया. मामले के त्वरित उद्भेदन एवं दोषियों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. मृतक के पति के फर्दबयान के आधार पर इशुआपुर थाना (कांड संख्या-238/26) में मामला दर्ज किया गया. तकनीकी अनुसंधान, वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं प्राप्त आसूचनाओं के आधार पर इशुआपुर थाना पुलिस टीम ने महज 04 घंटे के भीतर मामले का सफल उद्भेदन करते हुए घटना में संलिप्त 02 महिला आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया गया. गिरफ्तार घटना से जुड़ी सभी अन्य बिन्दुओं की भी जांच की जा रही है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
